राजनीतिकसक्ती जिलासक्ती नगर

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर बैठक बुलाकर संगठनात्मक सक्रियता का राकेश ने किया जोरदार आगाज


सक्ती। कांग्रेस संगठन को शहर स्तर पर और अधिक सशक्त, सहज एवं सक्रिय बनाने की दिशा में प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व एवं आदरणीय नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने बड़ा भरोसा जताते हुए राकेश राठौर को शहर कांग्रेस कमेटी सक्ती का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
अपनी नियुक्ति के पश्चात नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश राठौर ने सजगता और सरलता के साथ सभी कांग्रेस साथियों को साथ लेकर कार्य करने की मंशा स्पष्ट करते हुए महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक बैठक का आयोजन कर संगठनात्मक गतिविधियों का जोरदार आगाज किया। इस आयोजन के बाद शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिली।


नवनियुक्त अध्यक्ष राकेश राठौर ने अपनी नियुक्ति के लिए आदरणीय नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें हमेशा से ही अपना राजनीतिक आदर्श मानते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निर्वहन करेंगे।


राठौर ने स्पष्ट किया कि उनका प्रमुख लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सभी कांग्रेसजनों को एकजुट रखना तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाना रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जो जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देती है और उसी विचारधारा पर चलते हुए सक्ती नगर कांग्रेस भी आम जनता के मुद्दों को लेकर सतत संघर्ष करती रहेगी।


राकेश राठौर की नियुक्ति पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आशा और विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में नगर कांग्रेस कमेटी सक्ती और अधिक संगठित, सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका में नजर आएगी।


संवाददाता से चर्चा करते हुए नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद के साथ-साथ नगर के प्रत्येक कांग्रेसी साथी का सहयोग मिल रहा है, जिसके बल पर वे संगठन की दी गई जिम्मेदारी को आत्मीयता और कांग्रेस के प्रति समर्पण भाव से निभाएंगे। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button