सक्ती जिला

प्रशिक्षण का लाभ बच्चों तक पहुंचाएं – डॉ. कुमुदिनी बाघ द्विवेदी

सक्ती। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य के राज्य मुख्य संरक्षक महामहिम राज्यपाल डॉ. रामेन डेका के संरक्षण एवं मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में, राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव के नेतृत्व और राज्य सचिव कैलाश सोनी के निर्देशन में स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला संघ सक्ती द्वारा यूनिट लीडर बेसिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 18 से 24 अगस्त तक शासकीय अनुसूचित जाति बालक आश्रम शाला अड़भार में किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण में कुल 68 शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर स्काउट लीडर एवं रेंजर लीडर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। राज्य मुख्यालय से दक्ष एवं कुशल संचालकों का दल शिविर का संचालन कर रहा है, जिसमें विभिन्न जिलों से आए विशेषज्ञ शामिल हैं। 21 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त डॉ. कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लेकर विद्यालयीन बच्चों तक इसका लाभ पहुँचाना सभी प्रशिक्षुओं की ज़िम्मेदारी है। उन्होंने स्काउटिंग एवं गाइडिंग को विद्यार्थियों के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं पदेन सहायक जिला आयुक्त दिलीप कुमार पटेल ने भी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला संघ सक्ती द्वारा किया जा रहा यह प्रयास गर्व की बात है। जिला मुख्य आयुक्त अंकित अग्रवाल ने अपने संदेश में प्रशिक्षुओं से स्काउटिंग-गाइडिंग के क्षेत्र में जिला को प्रदेश स्तर पर पहचान दिलाने का आह्वान किया।विदित हो कि स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों में अनुशासन, स्वावलंबन, समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति जैसे गुणों का विकास करते हैं। प्रशिक्षण के अंतर्गत स्काउट प्रतिज्ञा, नियम, संगठन संरचना, गांठें, प्राथमिक चिकित्सा, हाईक, कैंपफायर आदि विषयों की बारीक जानकारी दी जा रही है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button