सक्ती जिला

सक्ती नगर को सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ीकरण और आंगनबाड़ी भवनों के लिए मिलेगी विकास की नई दिशा

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मिले नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, 2 करोड़ 76 लाख की मांग रखी

सक्ती। नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने जांजगीर जिले की सांसद कमलेश जांगड़े के साथ मिलकर केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू से नगर विकास के लिए पांच महत्वपूर्ण कार्यों हेतु 2 करोड़ 76 लाख रुपये की मांग की। यह मुलाकात सांसद कमलेश जांगड़े के निवास पर हुई, जहां मंत्री साहू के आगमन पर नगर के विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।

अध्यक्ष अग्रवाल ने बताया कि सक्ती नगर को आधुनिक स्वरूप देने और नागरिक सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए कई जरूरी परियोजनाएं लंबित हैं। इनमें प्रमुख रूप से वार्ड क्रमांक 05 के पूरेन्हा तालाब का सौंदर्यीकरण (50 लाख), आदिवासी समाज हेतु रानी दुर्गावती मूर्ति एवं चौक निर्माण (25 लाख), वार्ड क्रमांक 06 के नए तालाब का सौंदर्यीकरण (35 लाख), विभिन्न वार्डों में आठ आंगनबाड़ी भवन निर्माण (96 लाख) तथा दर्री तालाब (महामाया मंदिर) परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य (70 लाख) शामिल हैं।

अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि नगर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए इन परियोजनाओं की तत्काल जरूरत है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि इन कार्यों के लिए शीघ्र ही राशि स्वीकृत की जाए। इस पर मंत्री साहू ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रस्तावित कार्यों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

——————————–

“हमारा लक्ष्य है कि सक्ती नगर को सुविधाओं और सौंदर्य के मामले में एक आदर्श नगर बनाया जाए। इन कार्यों से न केवल बुनियादी ढांचे में सुधार होगा बल्कि नगर की पहचान भी बढ़ेगी।”

श्याम सुंदर अग्रवाल 

अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, सक्ती 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button