सक्ती जिला

मुक्तिधाम से अस्थि चोरी की सनसनीखेज वारदात, करौवाडीह में मृतक के परिजनों का फूटा गुस्सा, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

सक्ती। सक्ती ज़िले के जैजैपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत करौवाडीह से एक चौंकाने वाली और अनोखी घटना सामने आई है। गांव के गरीब दास मनहर का सोमवार को निधन हुआ था, जिनका अंतिम संस्कार परिजनों ने गांव के मुक्तिधाम में विधि-विधान से किया था।

लेकिन तीसरे दिन जब परिजन अस्थि-संग्रह के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो यह देखकर स्तब्ध रह गए कि मृतक की अस्थि (हड्डियां) वहां से गायब थीं। ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात करीब 9 बजे गांव के दो लोगों को मुक्तिधाम से कुछ लेकर जाते हुए देखा गया था। मुक्तिधाम में पैरों के निशान भी मिले, जिससे चोरी की पुष्टि होती है।

घटना की शिकायत परिजनों ने जैजैपुर थाने में दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदेह के आधार पर गांव के दो युवकों से पूछताछ की, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। मृतक के परिजनों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के भाई कीर्तन लाल मनहर ने कहा— “हमारे परिवार के लिए यह बहुत बड़ा आघात है। अंतिम संस्कार के बाद भी यदि अस्थियां सुरक्षित न रहें तो यह बेहद शर्मनाक स्थिति है। हमने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। जब तक आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हमारे परिवार का दुख कम नहीं होगा।”

गांव के लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button