सक्ती जिला

सक्ती में धान खरीदी घोटाले पर सख्त कार्रवाई, सोनादुला धान खरीदी केंद्र में अनियमितता, खरीदी प्रभारी पर एफआईआर के आदेश

सक्ती, 16 जनवरी 2026।
शासन से प्राप्त निर्देशानुसार सोनादुला धान खरीदी केंद्र का संयुक्त जांच दल द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें धान खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कड़ा रुख अपनाते हुए धान खरीदी प्रभारी हेमंत चंद्रा के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के आदेश जारी किए हैं।


संयुक्त जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में धान खरीदी नीति 2025-26 के उल्लंघन एवं घोर अनियमितताओं की पुष्टि की गई है। रिपोर्ट में खरीदी प्रभारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को धान खरीदी कार्य से पृथक करने तथा आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।


कलेक्टर श्री तोपनो ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशानुरूप जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारियों एवं जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रतिदिन खरीदी कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना तथा शासन की धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संचालित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button