कर्तव्य से बार-बार अनुपस्थित रहने वाले नव आरक्षक पर गिरी गाज, पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने सेवा से किया पृथक

सक्ती। पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा अनुशासनहीनता के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए रक्षित केन्द्र में पदस्थ नव आरक्षक क्रमांक 356 तुलसी शास्त्री को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नव आरक्षक तुलसी शास्त्री 29 नवंबर 2022 से पुलिस सेवा में कार्यरत था, किंतु वह लगातार कर्तव्य से अनुपस्थित रहने का आदी पाया गया। इतना ही नहीं, दो अवसरों पर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में प्रशिक्षण हेतु सूचना दिए जाने के बावजूद उसने जानबूझकर प्रशिक्षण से बचने के उद्देश्य से अनुपस्थिति दर्ज कराई।
विभाग द्वारा उसके आचरण में सुधार हेतु पर्याप्त अवसर प्रदान किए गए, लेकिन इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं देखा गया। इसके बाद नव आरक्षक 20 अप्रैल 2024 से 12 सितंबर 2025 तक लगातार कुल 510 दिवस कर्तव्य से अनुपस्थित रहा। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई, जिसमें नव आरक्षक पर लगाया गया अनुपस्थिति का आरोप पूर्णतः प्रमाणित पाया गया। जांच उपरांत संपूर्ण दस्तावेजों एवं सेवा अभिलेखों का अवलोकन पुलिस अधीक्षक सक्ती द्वारा किया गया।
सभी तथ्यों एवं अभिलेखों के परीक्षण के पश्चात नव आरक्षक को पुलिस सेवा के योग्य नहीं पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा दिनांक 31 जनवरी 2026 को उसे विधिवत रूप से सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया गया।




