सक्ती जिला

वरिष्ठजन समाज की धरोहर, सक्ती में हुआ भव्य सम्मान समारोह, सांसद जांगड़े बोलीं – बुजुर्गों का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी

सक्ती। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज जिला स्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सामुदायिक भवन सक्ती में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े उपस्थित रहीं।

समारोह का शुभारंभ भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद छत्तीसगढ़ राजगीत का सामूहिक गायन किया गया। उपस्थित वृद्धजनों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा शाल, श्रीफल और मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।

सांसद जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों का आशीर्वाद जीवन में सबसे बड़ा संबल है। उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के आशीर्वाद को अपनी ताकत बताया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा एवं रजत जयंती वर्ष में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय पहल है।

समाज कल्याण विभाग के उप संचालक सुनील मिश्रा ने विभाग की योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं में छूट और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा वृद्धजन और दिव्यांगजन की भलाई हेतु कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठजन चिन्ताराम जांगड़े सहित अन्य बुजुर्गों ने अपने जीवन अनुभव साझा किए। सांसद द्वारा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष विभाग ने निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर लगाया जिसमें 56 रोगियों की जांच कर उन्हें उपचार एवं काढ़ा प्रदान किया गया। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, संधिवात, हृदयरोग आदि का आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि संजय रामचन्द्र, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, टिकेश्वर गबेल, अभिषेक शर्मा, धनंजय राम, राम नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button