सक्ती जिला

अनियंत्रित होकर बोराई नदी में गिरी ट्रक, बाल-बाल बचा चालक; भाई के डूबने की आशंका, भेड़ीकोना पुल की घटना

सक्ती/हसौद। रायगढ़ से बलौदाबाजार जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक शुक्रवार की देर रात लगभग 1:30 बजे हसौद-डभरा मुख्य मार्ग पर स्थित भेड़ीकोना के बोराई नदी पुल से अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से ट्रक चालक शिव साहू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

हसौद पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोघरी निवासी शिव साहू रायगढ़ से बलौदाबाजार की ओर सामान लेकर जा रहा था। भेड़ीकोना पुल के पास ट्रक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा समाया। हादसे के दौरान पुल के समीप मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर चालक को ट्रक की केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर हसौद पुलिस व डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसे गंभीर अवस्था में बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

समान निकालने नदी में उतरा भाई, अब तक लापता

शनिवार सुबह लगभग 9:30 बजे घायल चालक का भाई नूतन साहू दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से सामान निकालने के लिए नदी में उतरा। पहले प्रयास में उसने ट्रक की चाबी तथा दूसरे प्रयास में मोबाइल बाहर निकाला। लेकिन जब वह तीसरी बार ट्रक के केबिन में समान लेने गया, तब से वापस नहीं लौट सका। आशंका जताई जा रही है कि नूतन साहू ट्रक के केबिन में फंसकर नदी में डूब गया है। परिजन और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया था।

एसडीआरएफ की टीम कर रही लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन:-

      घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनवरअली और छपोरा की पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है। साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर तैनात है और लापता युवक की तलाश में युद्धस्तर पर अभियान चला रही है।

नदी के जलस्तर को कम करने के लिए नजदीकी डैम के गेट खोल दिए गए हैं ताकि सर्च ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके। स्थानीय प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव कार्यों में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

हादसों का गवाह बनता भेड़ीकोना पुल:-

गौरतलब है कि भेड़ीकोना स्थित बोराई नदी पर बना यह पुल पूर्व में भी कई दर्दनाक हादसों का साक्षी रहा है। पुल की जर्जर स्थिति, कमजोर रेलिंग और संकरी चौड़ाई के चलते यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अब तक कई ट्रक और भारी वाहन पुल से अनियंत्रित होकर नदी में गिर चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

स्थानीय निवासियों ने एक बार फिर प्रशासन से पुल की मरम्मत, चौड़ीकरण तथा मजबूत सुरक्षा इंतजाम की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button