आधी रात घर में सोते रहे सदस्य, सुबह आंगन में मिला खाली बैग—साढ़े तीन लाख का माल लेकर फरार चोर, बाइक भी ले गए, अंबेडकर स्कूल के संचालक के निवास में चोरी

पतेरापाली (खरसिया) में सनसनीखेज वारदात, नई पल्सर, जेवरात और कार की चाबी तक साफ—नहर पार करते दिखे संदिग्ध
खरसिया। ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच पटेरापाली गांव में शुक्रवार देर रात हुई वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आंबेडकर पब्लिक स्कूल, मसनिया कला सक्ती के संचालक बीडी चौहान के घर अज्ञात चोरों ने उस समय धावा बोला, जब परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने इतनी शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
सुबह आंगन में मिला खाली बैग, तब हुआ खुलासा :-
घटना का खुलासा शनिवार सुबह उस वक्त हुआ, जब घर के मुखिया (पिता) उठे और आंगन में जाकर देखा कि जेवरात रखने वाला बैग खाली अवस्था में पड़ा हुआ है। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत घर के अंदर जांच की गई, जहां सामान गायब मिला। इसके बाद चोरी की पुष्टि हुई।
साढ़े तीन लाख का सामान पार :-
जानकारी के अनुसार, चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इसके अलावा घर के बाहर खड़ी नई पल्सर बाइक भी चोरी कर ली गई। इतना ही नहीं, मारुति इको चार पहिया वाहन की चाबी भी चोर अपने साथ ले गए।
रात 1 बजे वारदात, डेढ़ बजे दिखे तीन संदिग्ध :-
बताया जा रहा है कि चोरों ने रात करीब 1 बजे घटना को अंजाम दिया। वहीं, रात करीब 1:30 बजे एक ग्रामीण ने तीन संदिग्ध युवकों को नहर पार करते हुए देखा, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस इस सुराग के आधार पर जांच कर रही है।
घर में मौजूद थे सदस्य, फिर भी नहीं लगी भनक :-
घटना के समय घर में सभी सदस्य मौजूद थे, लेकिन किसी को कोई आवाज या आहट तक महसूस नहीं हुई। इससे चोरों के पेशेवर और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
थाने में मामला दर्ज, पुलिस ने तेज की जांच :-
पीड़ित बीडी चौहान द्वारा खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला कायम कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता :-
घटना के बाद पटेरापाली सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का दावा—जल्द होंगे गिरफ्तार आरोपी :-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं अब ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं।




