सक्ती पुलिस की बड़ी उपलब्धि: साइबर सेल ने विशेष अभियान चलाकर बरामद किए 70 एंड्रॉयड मोबाइल, 10.50 लाख की संपत्ति मालिकों को लौटाई

Sakti | Nov 20, 2025
जिले में आम नागरिकों द्वारा मोबाइल गुम होने की बढ़ती शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए साइबर नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव के नेतृत्व में साइबर सेल सक्ती ने एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में कुल 70 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
जिले के नागरिकों द्वारा अपने मोबाइल फोन गुम होने की सूचना स्थानीय थानों में दर्ज कराई गई थी, जिनकी खोजबीन साइबर सेल द्वारा तकनीकी माध्यमों से लगातार की जा रही थी। सभी थाना/चौकियों से प्राप्त गुम मोबाइल की जानकारी को एकत्र कर चलाए गए अभियान में टीम को बड़ी सफलता मिली।
साइबर पुलिस के अनुसार फरवरी 2023 से अब तक कुल 405 मोबाइल फोन ट्रेस किए जा चुके हैं, जिनमें से 335 मोबाइल पूर्व में ही उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं, जबकि आज 20 नवंबर को 70 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सक्ती पुलिस एवं साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि–
अपने मोबाइल फोन को सुरक्षित रखें और यदि गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत थाने में दस्तावेजों के साथ सूचना दें।
हाट–बाजार, मेला, मड़ाई जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर मोबाइल का उपयोग सावधानी से करें।
यदि किसी को रास्ते में कोई मोबाइल गिरा हुआ मिले तो निकटतम थाने में जमा कर अच्छे नागरिक होने का परिचय दें।
बिना बिल और IMEI नंबर वाले मोबाइल किसी भी दुकानदार से न खरीदें। ऐसा मोबाइल चोरी का या किसी आपराधिक घटना में उपयोग किया हुआ हो सकता है, जिसके चलते खरीदार व दुकानदार दोनों पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
साइबर सेल की इस उपलब्धि ने न केवल नागरिकों को राहत दी है, बल्कि बढ़ते साइबर अपराधों के बीच पुलिस की सजगता और तकनीकी दक्षता भी साबित की है।




