सक्ती: रिटायर्ड आर्मी कर्मी के खाते से 8 लाख की ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग किशोर न्याय बोर्ड में पेश

सक्ती। थाना सक्ती क्षेत्र अंतर्गत गिधौरी निवासी रिटायर्ड आर्मी कर्मी अमर सिंह कंवर के खाते से 8 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड जांजगीर में प्रस्तुत किया गया है, जबकि दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
मामले की शुरुआत
प्रार्थी अमर सिंह कंवर (उम्र 50 वर्ष) ने थाना सक्ती में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खाते से दो बार में कुल 8 लाख रुपये निकाले गए हैं। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लाभेश कुमार साहू निवासी सकरेली कला ने अपने साथियों — दो विधि से संघर्षरत बालकों और दीपक कुर्रे निवासी सेन्द्री — के साथ मिलकर प्रार्थी की पत्नी का चेक प्राप्त किया और उस पर फर्जी हस्ताक्षर कर भारतीय स्टेट बैंक शाखा सक्ती से रकम आहरित की।
कैसे हुई ठगी
आरोपियों ने पहली बार 3 लाख रुपये और दूसरी बार 5 लाख रुपये निकाले। पुलिस पूछताछ में आरोपी लाभेश ने स्वीकार किया कि रकम को आपस में बांट लिया गया और उससे मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और चांदी के आभूषण खरीदे गए, शेष रकम खाने-पीने व अन्य खर्चों में उपयोग कर ली गई।
जप्त सामान
पुलिस ने आरोपियों से कुल 3,66,500 रुपये का सामान बरामद किया, जिसमें शामिल है वनप्लस मोबाइल (20,000 रु.), सैमसंग मोबाइल (1,21,000 रु.), आईफोन (64,000 रु.), चांदी का कड़ा (1,500 रु.), चांदी की अंगूठी (500 रु.), तीन नग चांदी के राखी (1,500 रु.), होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल (1,58,000 रु.)
गिरफ्तार आरोपी
1. लाभेश कुमार साहू पिता चेतन लाल साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी सकरेली कला, 2. दीपक कुर्रे पिता फिरत राम कुर्रे, उम्र 35 वर्ष, निवासी सेन्द्री, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड जांजगीर में पेश कर रिमांड प्राप्त किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरिश यादव एवं एसडीओपी श्री मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी लखनलाल पटेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश यादव, प्रधान आरक्षक संजीव शर्मा, आरक्षक यादराम चंद्रा, प्रमोद खाखा व कुंवर बज्रसेन लहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




