सक्ती जिला
किकिरदा में नई शासकीय शराब दुकान का विरोध, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सक्ति| किकिरदा गांव में प्रस्तावित नई शासकीय शराब दुकान खोले जाने के निर्णय के खिलाफ ग्रामीणों ने जोरदार विरोध जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान खुलने से गांव का माहौल बिगड़ेगा, युवाओं में नशे की लत बढ़ेगी और समाज पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा।
इस मुद्दे को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा और कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि शासन तुरंत इस स्वीकृति को निरस्त करे और गांव में दुकान खोलने की अनुमति न दी जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि वे गांव में सामाजिक शांति और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना चाहते हैं, इसलिए इस निर्णय का पुरजोर विरोध जारी रहेगा। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच और विचार का आश्वासन दिया है।




