सक्ती जिला

भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर सक्ती में भव्य जनजातीय गौरव दिवस, कलेक्टर–SP सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में उमड़ा सांस्कृतिक वैभव

सक्ती। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग तथा अशासकीय विद्यालय प्रबंधक कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य शुभारंभ एकलव्य जनजातीय विद्यालय परिवार के सान्निध्य में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर एवं अध्यक्ष, उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई।

कार्यक्रम में स्काउट्स एंड गाइड्स टीम ने मुख्य अतिथियों को मार्चपास्ट के साथ सभागार तक पहुंचाया, जहां एकलव्य विद्यालय की छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर अतिथियों का भव्य सम्मान किया। विद्यालय परिवार एवं NHRSJC सदस्यों ने तिलक, चंदन और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक प्रधान पाठक कन्हैया लाल कंवर ने परंपरागत पीताम्बर पगड़ी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने योग नृत्य, स्वागत गीत, सांस्कृतिक नृत्य एवं नाट्य प्रहसन के माध्यम से बिरसा मुंडा के जीवन का जीवंत रूपांतरण प्रस्तुत कर सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।

संबोधन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि भगवान बिरसा मुंडा के वंशज अमृत विकास तोपनो आज जिले के ऊर्जावान कलेक्टर के रूप में हमारे बीच उपस्थित हैं। विशिष्ट अतिथि एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि जनजातीय परंपरा में देशभक्ति रची-बसी है और छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुषों ने राष्ट्र के प्रति अद्वितीय योगदान दिया है।

मुख्य अतिथि कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित 2047 का भारत भारतीय संस्कृति, परंपरा और महानायकत्व की सशक्त झलक प्रस्तुत करेगा। इसी संकल्प के साथ बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय लहरे ने किया तथा प्राचार्य मनोज गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हम भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करें, तो समाज में समता और एकता की नींव और भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक कन्हैया लाल कंवर, स्काउट्स पुष्कर जगत, लक्की, तथा गाइड्स महिमा सिदार, लिलिमा, सोनिया हिमांशी का सम्मान किया गया। अतिथियों ने विद्यालय परिसर में फलदार पौधों—आम, जामुन और कटहल—का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में NHRSJC और अशासकीय विद्यालय प्रबंधक संघ के पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा एकलव्य स्कूल परिवार के सदस्यों ने रंगोली, साज-सज्जा और मंच व्यवस्था में सक्रिय योगदान दिया, जिससे कार्यक्रम अविस्मरणीय बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button