वन रक्षक प्रशिक्षण शाला सक्ती में वित्तीय साक्षरता पर कार्यशाला आयोजित

सक्ती: वन रक्षक प्रशिक्षण शाला सक्ती में राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र (NCFE) के तत्वावधान में वित्तीय निवेश के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को सुरक्षित निवेश, वित्तीय नियोजन एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला के दौरान सहायक उपदेशक छोटेलाल जायसवाल एवं सुजाता पारीक ने बताया कि कार्यक्रम में SEBI एवं NCFE के माध्यम से सुरक्षित और सुदृढ़ भविष्य के लिए वित्तीय निवेश, म्यूचुअल फंड, साइबर धोखाधड़ी तथा वित्तीय नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। उन्होंने कहा कि सही जानकारी के अभाव में लोग अक्सर ठगी का शिकार हो जाते हैं, इसलिए वित्तीय साक्षरता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य निवेश संबंधी जानकारी प्रदान कर लोगों को जागरूक बनाना था, सुजाता पारीक ने सरल और सहज तरीके से सुरक्षित एवं समझदारीपूर्ण निवेश करने के उपाय बताए गए।
इस आयोजन से प्रशिक्षुओं को वित्तीय निर्णय लेने में सहायता मिलेगी तथा वे भविष्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी से स्वयं को सुरक्षित रख सकेंगे।




