धान खरीदी केंद्र फगुरम में बढ़ी किसानों की परेशानी, दैनिक खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग

सक्ती। धान खरीदी केंद्र फगुरम में किसानों की संख्या और आवक लगातार बढ़ने से खरीदी व्यवस्था दबाव में आ गई है। सेवा सहकारी समिति फगुरम (पंजीयन क्रमांक 63) के अंतर्गत संचालित उपार्जन केंद्र फगुरम में वर्तमान में प्रतिदिन केवल 1200 क्विंटल धान खरीदी की सीमा निर्धारित है, जबकि केंद्र में लगभग 75 हजार क्विंटल धान की खरीदी होना शेष है। इसके मुकाबले अब तक मात्र लगभग 10 हजार क्विंटल धान की ही खरीदी हो पाई है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों की लंबी कतारें, बढ़ता इंतजार और आवक का दबाव देखते हुए दैनिक खरीदी सीमा को बढ़ाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मनु जायसवाल (विधायक प्रतिनिधि) के नेतृत्व में निगरानी समिति उपार्जन केंद्र फगुरम द्वारा जिला खाद्य अधिकारी, खाद्य शाखा, जिला–सक्ती (छत्तीसगढ़) को आवेदन सौंपा गया है।
आवेदन में मांग की गई है कि किसानों के हित में प्रतिदिन धान खरीदी की सीमा को बढ़ाकर 2500 से 3000 क्विंटल किया जाए, ताकि समय पर खरीदी सुनिश्चित हो सके और किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिले।
किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र निर्णय लेकर खरीदी सीमा में बढ़ोतरी करेगा, जिससे धान उपार्जन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।





