सक्ती जिलासक्ती नगर

कॉलेज गई छात्रा लौटी नहीं… तीन दिन से लापता सक्ती की अनन्या साहू, मोबाइल बंद, आख़िरी लोकेशन खेल मैदान

सक्ती। जे एल एन डी कॉलेज (गौरव पथ सक्ती) में अध्ययनरत छात्रा अनन्या साहू, निवासी अखराभाटा, सक्ती के लापता होने का मामला जिले में सनसनी का विषय बन गया है। कॉलेज पढ़ने निकली छात्रा को तीन दिन बीत जाने के बाद भी न पुलिस ढूंढ पाई है, न ही परिजनों को उसका कोई सुराग मिल सका है। हर गुजरता पल परिवार के लिए पीड़ा और आशंका बढ़ा रहा है।

परिजनों के अनुसार अनन्या साहू रोज़ की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह लौटकर घर नहीं पहुंची। कॉलेज परिसर के आसपास उसे अज्ञात ईटिगा वाहन में बैठते हुए देखे जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद से ही छात्रा लापता है। घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है।

खेल मैदान पर आख़िरी लोकेशन

मोबाइल की तकनीकी जांच में छात्रा का अंतिम लोकेशन कॉलेज के खेल मैदान क्षेत्र में ही दिखा रहा है। यहीं से छात्रा के लापता होने की कड़ी और भी उलझ जाती है। पुलिस और परिजन इसी बिंदु को केंद्र में रखकर जांच कर रहे हैं।

रमेश साहू की सुपुत्री हैं अनन्या, 16 दिसंबर से लापता है। 18 साल की अनन्या जींस और टीशर्ट पहनकर निकली है। परिजनों ने सूचना देने की अपील की है।

चाचा ने खुद संभाली तलाश, सैकड़ों कैमरे खंगाले

छात्रा के चाचा नरेश साहू ने भी हार न मानते हुए स्वयं कॉलेज परिसर, सड़कों, दुकानों, चौराहों, पेट्रोल पंपों सहित सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों का कहना है कि हर खाली हाथ लौटना उनकी चिंता को और गहरा कर रहा है।

तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच तेज की है। कॉलेज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही है। इस संबंध में डीएसपी अंजली गुप्ता ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है और छात्रा को जल्द सुरक्षित खोज लिया जाएगा।

परिजनों की भावुक अपील

परिजनों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अनन्या साहू या सफेद रंग की ईटिगा वाहन के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसी बेटी की सुरक्षित घर वापसी का रास्ता बन सकती है। तीन दिनों से एक होनहार छात्रा के लापता होने से सक्ती क्षेत्र में चिंता का माहौल है। लोग प्रशासन से मामले में तेज़ और निर्णायक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button