सक्ती जिला

सुशासन तिहार 2026 : फगुरम में लगा जनसमस्या निवारण शिविर

19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने रखी समस्याएं, 287 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण


सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मालखरौदा विकासखंड की ग्राम पंचायत फगुरम में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया।
क्लस्टर फगुरम में आयोजित इस शिविर में ग्राम पंचायत फगुरम, लिमगांव, चरौदा, अण्डी, किरारी, बड़ेमुड़पार, सारसकेला, बोड़ासागर, कुधरी, सपिया, कर्रापाली, बोकरेल, झर्रा, भांटा, परसा, चरौदी, सेरो, कुलबा एवं अण्डा सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 411 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 287 आवेदनों का त्वरित निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। शेष 124 आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया।

विभिन्न योजनाओं का मिला सीधा लाभ
शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरण, पेंशन हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति, कृषि विभाग द्वारा नील हरित काई वितरण तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। वहीं स्व सहायता समूहों को बैंक लिंकेज राशि भी वितरित की गई।


शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए गए, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। मत्स्य पालन विभाग द्वारा मछुआरों को जाल वितरण किया गया। इसके अलावा अन्य योजनाओं के तहत भी पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।


गांव-गांव तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ” – कविशरण वर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत मालखरौदा अध्यक्ष कविशरण वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन चुका है, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं एवं योजनाओं का लाभ मिल रहा है।


उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं को निसंकोच प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। वर्मा ने कहा कि शासन एवं प्रशासन आमजन की सुविधा और विकास के लिए पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं।

विभागीय स्टॉलों में मिली योजनाओं की जानकारी
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, मनरेगा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, श्रम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बिजली विभाग एवं लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।


साथ ही स्वास्थ्य विभाग एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।


इस अवसर पर जनपद पंचायत मालखरौदा उपाध्यक्ष रितेश साहू, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, जनपद पंचायत मालखरौदा सीईओ तेजेश्वर प्रसाद यादव, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, क्लस्टर के सरपंच-सचिव, स्व सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button