जमगहन में 1 जून को विशाल निःशुल्क नेत्र रोग एवं मोतियाबिंद जांच शिविर

विधायक रामकुमार यादव के जन्मदिवस पर आयोजन, जरूरतमंदों के लिए मुफ्त ऑपरेशन व भोजन-आवास की व्यवस्था
सक्ती/मालखरौदा। चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार यादव के जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम जमगहन में विशाल निःशुल्क नेत्र रोग एवं मोतियाबिंद जांच एवं निदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 1 जून 2026, सोमवार को विधायक निवास, जमगहन में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में विशेष सहयोग एम.जी.एम.आई इंस्ट्रीट्यूट रायपुर द्वारा प्रदान किया जाएगा। आधुनिक कम्प्यूटर मशीनों के माध्यम से आंखों की जांच की जाएगी तथा मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन हेतु चयनित मरीजों के आने-जाने, रहने एवं भोजन की भी नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
शिविर में मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों को राशन कार्ड एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही मरीजों से ऑपरेशन की तैयारी के साथ आने की अपील की गई है, क्योंकि चयनित मरीजों को उसी दिन ऑपरेशन के लिए ले जाया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




