जांजगीर चांपा

पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश बंसल ने ली विकास कार्यों की समीक्षा, बरसात से पहले मरम्मत और लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास के दौरान विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। जांजगीर विश्राम गृह में आयोजित बैठक में उन्होंने छत एवं शौचालय निर्माण कार्यों की प्रगति, सड़क निर्माण, भवन निर्माण और लंबित परियोजनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, प्रमुख अभियंता वी.के. भटपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सचिव बंसल ने बरसात से पहले सभी भवनों में छत की पेच मरम्मत का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का हर माह परीक्षण कर ही भुगतान सुनिश्चित किया जाए।


बैठक में सक्ती जिला गठन के बाद प्रशासनिक सुविधा और कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए पुराने संभागों के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई। सचिव ने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में दो-दो संभाग बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 एवं पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के लंबित और प्राथमिकता वाले कार्यों की सूची तैयार कर 31 जुलाई तक प्राक्कलन भेजने को कहा।
सचिव ने समय-सीमा से पीछे चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पामगढ़-डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण को प्राथमिकता में रखते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराने को कहा।
जांजगीर कलेक्टोरेट भवन निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए सचिव ने समुचित कार्ययोजना बनाकर परिसर का समग्र विकास करने और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑडिटोरियम रिनोवेशन कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिले में प्रस्तावित द्रुतगामी सड़कों के प्राक्कलन 30 जून तक भेजने को कहा।


उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त रुख अपनाते हुए नियमानुसार ब्लैक-लिस्टेड और टर्मिनेट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


बैठक में बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत, एन.के. लाल, जे.पी. तिग्गा सहित जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button