तीन दिन से जिस 9वीं के छात्र की तलाश में भटक रहे थे परिजन, आखिर खेत की मिट्टी ने खोल दिया ऐसा राज कि दहल उठा पूरा गांव

सक्ती। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदाखुर्द में शनिवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तीन दिनों से लापता 9वीं कक्षा के छात्र कपिल कुमार केवट का शव गांव के एक खेत में गड्ढा खोदकर दफन अवस्था में बरामद किया गया। मासूम छात्र की हत्या की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
तीन दिन से लापता था छात्र
जानकारी के अनुसार, कपिल कुमार केवट गांव के शासकीय विद्यालय में कक्षा 9वीं का छात्र था। तीन दिन पहले वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस लगातार उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी।
शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि गांव के एक खेत में शव दफन होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कराई गई। कुछ ही देर में मिट्टी के नीचे से छात्र का शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी घटना के कारणों का खुलासा नहीं किया है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। जिस बेटे के सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद में परिजन तीन दिनों तक हर दरवाजा खटखटाते रहे, अंततः उसकी तलाश खेत में दफन शव मिलने के साथ खत्म हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।




