बिग ब्रेकिंग: सक्ती में दो मेले की तैयारी पर विराम, बुधवारी बाजार को नहीं मिली अनुमति जनहित के मुद्दों पर भाजपा का विरोध आया काम, यातायात और सुरक्षा दृष्टि से बुधवारी बाजार में दूसरे मेले के आवेदन को प्रशासन ने किया खारिज, एक मेले की परंपरा रहेगी कायम

- संयुक्त जांच प्रतिवेदन में सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर जताई गई चिंता, शराब दुकान और पूर्व की आपराधिक घटनाओं का भी उल्लेख
सक्ती। सक्ती नगर में एक ही समयावधि में दो स्थानों पर मेला आयोजन को लेकर चल रहे विवाद में आखिरकार प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बुधवारी बाजार में प्रस्तावित दूसरे मेले के आयोजन को लेकर भाजपा नेताओं और एल्डरमैनों द्वारा लगातार विरोध दर्ज कराते हुए जनसुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे। अब संयुक्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रशासन ने बुधवारी बाजार में मेला आयोजन की अनुमति के लिए प्रस्तुत आवेदन को अस्वीकार करने का निर्णय लिया है। प्रशासन के इस कदम से विरोध कर रहे भाजपा नेताओं की आपत्तियों को बल मिला है।
जांच प्रतिवेदन में सामने आईं कई गंभीर समस्याएं :-
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती द्वारा 26 नवंबर 2026 को जारी कार्यालयीन आदेश क्रमांक 1641 में उल्लेख किया गया है कि बुधवारी बाजार स्थल पर प्रतिदिन सब्जी मार्केट लगता है। ऐसे में मेला अवधि के दौरान यातायात बाधित होने के साथ आम नागरिकों को असुविधा होने की प्रबल संभावना है। संयुक्त जांच प्रतिवेदन में इन परिस्थितियों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।
शराब दुकान और आपराधिक घटनाओं का भी उल्लेख :-
प्रशासन ने मेला स्थल के समीप शराब दुकान संचालित होने तथा पूर्व में घटित आपराधिक घटना को भी गंभीरता से लिया है। आदेश में महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बुधवारी बाजार के प्रस्तावित स्थल को उपयुक्त नहीं माना गया है। इसके अलावा एक ही अवधि में दो स्थानों पर मेला आयोजित होने से कानून व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन की समस्या उत्पन्न होने की आशंका भी जताई गई है।
स्टेशन रोड में पहले से स्वीकृत है मेला आयोजन
आदेश के अनुसार, स्टेशन रोड स्थित वार्ड क्रमांक 15 में 2 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक मेले के आयोजन की अनुमति पूर्व में दी जा चुकी है। यह वही स्थान है जहां पूर्व वर्षों में भी मेला आयोजित होता रहा है। ऐसे में समान अवधि में बुधवारी बाजार में दूसरा मेला आयोजित करने के आवेदन को जांच प्रतिवेदन के आधार पर अस्वीकार करने का निर्णय लिया गया है।
भाजपा और एल्डरमैनों ने उठाए थे सवाल :-
गौरतलब है कि सक्ती नगर में एक ही समय पर दो स्थानों पर मेला आयोजन को लेकर भाजपा नेताओं और एल्डरमैनों ने विरोध जताया था। बुधवारी बाजार में सब्जी मार्केट, शराब दुकान की निकटता, यातायात अव्यवस्था और महिला-बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए गए थे। विरोध करने वालों का तर्क था कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में मेले का आयोजन आम नागरिकों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। अब प्रशासन के जांच प्रतिवेदन में भी इन्हीं बिंदुओं को गंभीरता से शामिल किए जाने से इस विरोध को बल मिला है।
अभिषेक शर्मा ने निर्णय का किया स्वागत :-
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि पांच दशक से अधिक समय से सक्ती में एक रौतही मेला की परंपरा चली आ रही है,एक समय में दो मेले के आयोजन से नगर में पुरानी परम्परा के विपरीत आयोजन को लेकर नागरिकों द्वारा आपत्ति की जा रही थी, शर्मा ने कहा कि बुधवारी बाजार में मेला आयोजन का विरोध किसी व्यक्तिगत या राजनीतिक स्वार्थ के तहत नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए किया गया था। जिस स्थान पर प्रतिदिन सब्जी बाजार लगता है, उसके समीप शराब दुकान संचालित है और जहां पूर्व में आपराधिक घटनाएं भी हो चुकी हैं, वहां मेले का आयोजन करना उचित नहीं था। इससे महिलाओं, बच्चों, व्यापारियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था।
उन्होंने कहा कि हमने प्रशासन के समक्ष तथ्यों के साथ अपनी आपत्तियां रखी थीं। संयुक्त जांच प्रतिवेदन में भी हमारी ओर से उठाए गए सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था से जुड़े विषय सामने आए हैं। हम प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि भविष्य में भी जनहित एवं नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




