पार्षद उर्मिला संजय कश्यप की पहल से नारायण सागर तालाब के पास बढ़ेगी हरियाली की सुरक्षा, 30 सीमेंट खंभों और जाली से कराई गई घेराबंदी

सक्ती। नगर के वार्ड क्रमांक 11 में पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की दिशा में पार्षद श्रीमती उर्मिला संजय कश्यप ने सराहनीय पहल की है। वार्ड स्थित नारायण सागर तालाब के पास लगाए गए पेड़-पौधों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 30 नग सीमेंट के खंभे लगाकर जाली से घेराबंदी का कार्य कराया गया है। इससे अब पौधों को मवेशियों और असामाजिक तत्वों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।

पौधों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता
अक्सर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पौधे उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण मवेशियों की चपेट में आकर नष्ट हो जाते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पार्षद की पहल पर नारायण सागर तालाब के समीप पौधों की सुरक्षा के लिए व्यवस्थित घेराबंदी कराई गई है। इस कार्य से न केवल पौधों का संरक्षण होगा, बल्कि तालाब के आसपास हरियाली विकसित करने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
संजय कश्यप ने कहा – पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बचाना भी जरूरी
पार्षद प्रतिनिधि संजय कश्यप ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी है। नारायण सागर तालाब के आसपास हरियाली को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वार्ड के विकास और नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे भी जारी रखा जाएगा।

वार्ड में पर्यावरण संरक्षण की इस पहल से स्थानीय स्तर पर सकारात्मक संदेश गया है। साथ ही वार्डवासियों से भी अपील की गई है कि वे लगाए गए पौधों की सुरक्षा में सहयोग करें, ताकि आने वाले समय में नारायण सागर तालाब के आसपास हरियाली और सुंदरता बनी रहे।




