सक्ती जिला

अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर ग्राम पंचायत कवली में निकाली गई मशाल जागरूकता रैली, महिलाओं ने लिया बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प

सक्ती/फगुरम। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रहे अभियान की गूंज जिला सक्ती में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के प्रथम अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (VSWO) द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन एलायंस (JRCA) के सहयोग से ग्राम पंचायत कवली, विकासखंड डभरा में दिनांक 27 नवम्बर को रात्रिकालीन मशाल जागरूकता रैली आयोजित की गई।

इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं बिहान समूह के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मशाल रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया और समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कवली के सरपंच श्री लोकेश सारथी एवं बीडीसी श्रीमती हेमपुष्पा दानसेना की विशेष सहभागिता रही। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती विमल सारथी एवं श्रीमती गिरजा सारथी तथा बिहान समूह के कार्यकर्ता श्री पंकज भूमिया, श्रीमती अल्फा सिदार एवं श्रीमती फुलेश्वरी यादव भी उपस्थित रहे।

रैली के दौरान महिलाओं ने हाथों में मशाल लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह करेंगे और न ही किसी को बाल विवाह करने देंगे। गांव में कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर उसका विरोध करेंगे तथा संबंधित विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना देंगे।

इस अवसर पर VSWO के प्रतिनिधियों ने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांवों में सामाजिक बदलाव लाया जा सकता है। प्रत्येक परिवार और समुदाय को आगे आकर बच्चों के सुरक्षित बचपन, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करना होगा।

विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (VSWO), जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन एलायंस (JRCA) के सहयोग से जिला सक्ती में बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल तस्करी की रोकथाम तथा बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

यह मशाल रैली बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।

Related Articles

Back to top button