बुधवारी बाजार को मिलेगी चौड़ी सड़क, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और चमचमाता मैदान, कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना ने पहुंचकर अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, योजना बनकर तैयार, जल्द गति पकड़ेंगे काम

– सड़क, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेंगे
– बाजार ग्राउंड को किया जायेगा विकसित
– कलेक्टर ने पहुंचकर लिया जायजा
सक्ती। जल्द ही बुधवारी बाजार की सूरत बदलने वाली है। अतिक्रमण हटाने के बाद अब सर्वे का काम अंतिम चरण पर चल रहा है। प्रशासन भी लगातार मिलकर योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है। प्रशासनिक अधिकारी रायपुर की टीम के साथ मिलकर बुधवारी बाजार को किस प्रकार विकसित किया जाए इसके लिए तैयारी कर रहा है। बुधवारी बाजार को संवारने के मद्देनजर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बुधवारी बाजार पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों एवं सर्वे टीम के साथ जायजा लिया। अतिक्रमण मुक्त किए गए इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया और योजना पर चर्चा की।

प्रशासन अब अतिक्रमण हटने के बाद बुधवारी बाजार को संवारने की दिशा में त्वरित काम करना चाह रहा है। बुधवारी बाजार को संवारने में किसी भी प्रकार की देर ना हो इसके लिए लगातार टीमें काम कर रही हैं। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बताया कि चौड़ीकरण कर एक बेहतर सड़क का निर्माण होगा। शॉपिंग कांप्लेक्स तथा दुकानों का निर्माण होगा इसके अलावा साप्ताहिक बुधवारी बाजार को व्यवस्थित तरीके से किस प्रकार लगाया जाए इस पर अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर ने बताया कि बाजार ग्राउंड का सौंदर्य भी बढ़ाया जाएगा। इसके लिए हर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्लानिंग तैयार की जा रही है।






