सक्ती जिला

ग्राम पंचायत बन्दोरा ने रचा इतिहास, SETU App से जारी हुआ सक्ती जिले का पहला डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र

कलेक्टर ने नवविवाहित दंपती को सौंपा डिजिटल प्रमाण पत्र, डिजिटल सुशासन की दिशा में बड़ी उपलब्धि

सक्ति। सक्ती जिले की ग्राम पंचायत बन्दोरा ने डिजिटल सुशासन और नागरिक सेवा वितरण के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए जिले का पहला डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र जारी कर इतिहास रच दिया है। पंचायत की नवाचारपूर्ण कार्यशैली, तकनीक के प्रभावी उपयोग और नागरिक सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप SETU App के माध्यम से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। इस ऐतिहासिक अवसर पर नवविवाहित दंपती को माननीय जिला कलेक्टर द्वारा डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।


ग्राम पंचायत बन्दोरा लंबे समय से जनहितकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। शासन की डिजिटल पहल को धरातल पर उतारते हुए पंचायत ने ग्रामीण नागरिकों को आधुनिक, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए हैं। जिले का पहला डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र जारी होना पंचायत की दूरदर्शी सोच और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का प्रमाण माना जा रहा है।


डिजिटल विवाह प्रमाण पत्र की सुविधा से विवाह पंजीयन प्रक्रिया अब अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो सकेगी। नागरिकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अनावश्यक कार्यालयी प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी, वहीं दस्तावेजों का सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड भविष्य में भी आसानी से उपलब्ध रहेगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक के सफल उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।


इस उपलब्धि के पीछे ग्राम पंचायत के सरपंच नवधा राम वर्मा (लालू) एवं सचिव खिलेश्वर चंद्रा के नेतृत्व, समर्पण और सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पंचायत प्रतिनिधियों ने नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डिजिटल व्यवस्था को अपनाने में विशेष रुचि दिखाई, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे जिले के सामने हैं। पंचायत ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और नवाचार की सोच के बल पर ग्रामीण क्षेत्र भी डिजिटल परिवर्तन के अग्रदूत बन सकते हैं।


इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने ग्राम पंचायत बन्दोरा की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत ने जिले की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए एक आदर्श स्थापित किया है। डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि न केवल बन्दोरा की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी, बल्कि पूरे जिले में तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार को भी नई गति प्रदान करेगी।


माननीय जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत बन्दोरा की प्रशंसा करते हुए कहा कि पंचायत द्वारा किया गया यह कार्य ‘डिजिटल इंडिया’ और सुशासन की भावना को सशक्त बनाने वाला है। उन्होंने पंचायत के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं तकनीकी सहयोगी दल को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचारपूर्ण और जनहितकारी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।


ग्रामीण डिजिटल क्रांति की दिशा में ग्राम पंचायत बन्दोरा का यह कदम सक्ती जिले के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button