सक्ती दौरे में हादसा—वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी के काफिले की कई गाड़ियाँ भिड़ीं, जिलाध्यक्ष गबेल और सभापति आयुष शर्मा की कारें क्षतिग्रस्त

सक्ती // जिले से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है। सक्ती दौरे पर आए वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी के काफिले का सड़क हादसा हो गया। हालांकि घटना में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल और जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ‘अन्नपूर्णा’ की लग्ज़री कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसा सक्ती से हसौद के बीच, हसौद से करीब दो किलोमीटर पहले हुआ। मिली जानकारी के अनुसार सांसद कमलेश जांगड़े और जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी के वाहन में ही सवार थे, जबकि सांसद एवं जिलाध्यक्ष की सरकारी कार पीछे चल रही थी। काफिले में सभापति आयुष शर्मा ‘अन्नपूर्णा’ और मालखरौदा जनपद अध्यक्ष कवि वर्मा भी शामिल थे।
अचानक ब्रेक लगने से गाड़ियाँ भिड़ीं
सूत्रों के अनुसार, काफिला तेज़ रफ़्तार से हसौद मार्ग की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सड़क पर एक बड़ा गड्ढा होने के कारण पायलट वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रही गाड़ियाँ एक-दूसरे से टकरा गईं।
जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल और सभापति आयुष शर्मा की कारें काफिले के बीच में होने की वजह से आगे और पीछे से दोहरी टक्कर का सामना करना पड़ा। इसी कारण इन दोनों वाहनों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है।
सभी जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और घटना की पुष्टि स्थानीय प्रशासन ने भी की है।




