बिर्रा में भारतीय संविधान के अमृत महोत्सव पर नागरिक कर्तव्य सम्मेलन का आयोजन, वक्ताओं ने कर्तव्यबोध पर दिया बल

बिर्रा — जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत बिर्रा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव वर्ष के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में संस्कार भारती सक्ती जिला इकाई द्वारा 10 जनवरी, शनिवार को नागरिक कर्तव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अधिवक्ता लक्ष्मी बंजारे एवं अधिवक्ता जगदीश बंजारे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता के.आर. कश्यप, जिला अध्यक्ष संस्कार भारती जिला सक्ती ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिराम जयसवाल (जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा जांजगीर-चांपा), दिनेश चंद्रा (संचालक, देव पब्लिक स्कूल बिर्रा), भागीरथी देवांगन (समाजसेवक), सुप्रिया शुक्ला (प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा. विद्यालय बिर्रा), देव प्रसाद तिवारी (व्यवस्थापक) एवं लखन लाल कश्यप (संकुल समन्वयक, डीडीएस बिर्रा) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माता सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता के छायाचित्र पर पूजन-अर्चना के साथ हुआ। अतिथियों का शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं तिलक-वंदन कर सम्मान किया गया।
मुख्य वक्ता अधिवक्ता लक्ष्मी बंजारे ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के महान कार्यों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द एवं सकारात्मक आचरण अच्छे नागरिक के प्रमुख कर्तव्य हैं।
दूसरे मुख्य वक्ता अधिवक्ता जगदीश बंजारे ने कहा कि संविधान में वर्णित नागरिक कर्तव्य समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं और हमें अपने दैनिक जीवन में मौलिक कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि हरिराम जयसवाल ने कहा कि संस्कार भारती समाज, राज्य एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रही है। हम जहां भी रहें, वहां समाज को लाभ पहुंचे, स्वच्छता बनाए रखें और भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने में योगदान दें—यही सच्चा नागरिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि दिनेश चंद्रा, भागीरथी देवांगन, श्रवण कश्यप एवं अध्यक्ष के.आर. कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्कार भारती जिला सक्ती के महामंत्री मनोज कुमार तिवारी ने किया, जबकि संस्था प्रमुख सुप्रिया शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर लखन लाल कश्यप, मनीष वैष्णव, बुद्धेश्वर कश्यप, कमलेश गुप्ता, पुष्पा पटेल (अधीक्षिका, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बिर्रा), डी.एन. देवांगन, प्रवीण तिवारी सहित बड़ी संख्या में भैया-बहन एवं आचार्यगण उपस्थित रहे।




