ग्रामवासियों के विरोध के बाद पहुंचे जिला पंचायत सीईओ, बेहद खराब गुणवत्ता वाले महतारी सदन निर्माण कार्य पर जताई कड़ी नाराज़गी

सक्ती। विकासखण्ड सक्ती के ग्राम सकरेली कला में निर्माणाधीन “महतारी सदन” भवन के निर्माण कार्य में बेहद खराब गुणवत्ता को लेकर ग्रामवासियों ने जोरदार विरोध जताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भवन में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है, जिससे निर्माण टिकाऊ नहीं रहेगा। मामला गरमाने पर जिला पंचायत सीईओ वासु जैन स्वयं मौके पर पहुंचे और आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सामग्री के मानक, प्रगति की स्थिति और स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद सीईओ ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि “निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तय होगी।”
ग्राम पंचायत के सरपंच ने निरीक्षण के दौरान महतारी सदन परिसर में शौचालय निर्माण की मांग रखी, जिस पर सीईओ ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सीईओ वासु जैन ने कहा कि “महतारी सदन” महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ स्व-सहायता समूहों की बैठकें, प्रशिक्षण और सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की जा सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग सक्ती, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।




