सक्ती क्राइम: तारपीन से जिंदा जलाई गई 22 वर्षीय दिशा! 8 दिन जिंदगी और मौत से जूझने के बाद तोड़ा दम — मां ने लगाया साजिश, धमकी और दबाव का सनसनीखेज आरोप

सक्ती। जिले को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना में 22-23 वर्षीय युवती दिशा मरावी को कथित रूप से योजनाबद्ध तरीके से होटल में बुलाकर तरपीन तेल डालकर जिंदा जला देने का मामला सामने आया है। आठ दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद 1 फरवरी 2026 को बिलासपुर के अस्पताल में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मां का आरोप – “मेरी बेटी को साजिश के तहत बुलाया गया”
वार्ड क्रमांक 11, झूलकदम, सक्ती निवासी श्रीमती मीना मरावी ने पुलिस थाना सक्ती में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 24 जनवरी 2026 को उनकी पुत्री दिशा मरावी को आरोपी युवक द्वारा फोन कर होटल बुलाया गया। मां का कहना है कि आरोपी पहले से ही उनकी बेटी के संपर्क में था और उस पर मानसिक दबाव बनाता था। आवेदन में उल्लेख है कि घटना वाले दिन दिशा घर से दोपहर करीब 12 बजे निकली थी। कुछ समय बाद उसकी हालत गंभीर होने की सूचना मिली। जब परिजन पहुंचे तो युवती पूरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिली।

होटल में हुआ विवाद, फिर तरपीन उड़ेलकर लगाई आग :-
परिजनों के अनुसार, होटल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी युवक ने पहले से लाया हुआ तरपीन तेल दिशा के शरीर पर उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी युवती ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह झुलस गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घटना के बाद इसे दुर्घटना बताने और होटल का नाम न लेने की धमकी भी दी। परिजनों का आरोप है कि युवती पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया।
आईसीयू में जिंदगी की जंग, 70-80 प्रतिशत तक झुलसी थी :-
गंभीर हालत में दिशा को पहले सक्ती और फिर बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति नाजुक होने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया। गले में ऑक्सीजन पाइप डाली गई थी और वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही थी। लगातार बिगड़ती हालत के बीच 1 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11:30 बजे उसने अंतिम सांस ली।

मर्ग कायम, पोस्टमार्टम के बाद शुरू हुई जांच :-
मौत के बाद संबंधित थाना क्षेत्र में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। अब मामले की विवेचना जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र में आक्रोश, न्याय की मांग तेज :-
इस दर्दनाक घटना से सक्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आवेदन और तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।




