सक्ती जिला

प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ली जिले के विभागों की समीक्षा, जल जीवन मिशन में लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश

अरुण निराला संवाददाता सक्ती।, 15 अक्टूबर 2025 – जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, वन, खाद्य, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन सहित सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री ने निर्देशित किया कि जिले के सभी स्कूलों में नियमित पेरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित की जाए और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

वन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्हें छीतापडरिया में सागौन वृक्षों की कटाई की जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर उन्होंने राजस्व एवं वन विभाग को संयुक्त जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

खाद्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी की तैयारी की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नया जूट बारदाना, पीडीएस बारदाना एवं मिलर्स बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों से धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से एवं सुविधापूर्ण ढंग से संपन्न हो।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंत्री ने जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सक्ती जल आवर्धन योजना के अंतर्गत पानी की सुविधा सुनिश्चित होने के बाद ही भुगतान किया जाए।

इसके अलावा, मंत्री ने सहकारिता, सिंचाई, पशुधन विकास, विद्युत, मत्स्य, ग्रामीण यांत्रिकी, उद्यानिकी, रेशम, श्रम, आबकारी और समाज कल्याण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनहितकारी योजनाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button