अप्रिय घटनाओं पर ज़ीरो टॉलरेंस: कलेक्टर–एसपी की हाईलेवल बैठक में तय हुआ हाई अलर्ट मोड, पूरे जिले में कड़े निगरानी तंत्र और त्वरित कार्रवाई का ब्लूप्रिंट तैयार

सक्ती// जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने की।
बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पर्व-त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण, अपराध रोकथाम, निगरानी तंत्र को मजबूत करने सहित अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सहित जिले में धान खरीदी महाअभियान संचालित है। सभी धान खरीदी केंद्रों में कार्य शांति एवं सुव्यवस्थित ढंग से हो, इसके लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग विशेष सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग जहां भी आवश्यकता होगी, तत्काल पहुंचकर पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण, पेट्रोलिंग, साइबर अपराध रोकथाम तथा महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाई गई है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा।
बैठक के अंत में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संयुक्त समन्वय के साथ जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने हेतु प्रतिबद्ध रहें।




