सक्ती जिला

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, सक्ती व जैजैपुर में बड़ी कार्रवाई, 700 से अधिक बोरी धान व वाहन जब्त

सक्ती — कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती अरुण कुमार सोम के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।


राजस्व विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम पोरथा निवासी मुकेश राठौर के पास से लगभग 400 बोरी (करीब 150 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिसे मौके पर जब्त किया गया। इस कार्रवाई में तहसीलदार सक्ती विद्याभूषण साव, मंडी निरीक्षक ओम गोड, मंडी सचिव प्रेम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


इसी कड़ी में तहसील जैजैपुर में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार जैजैपुर के नेतृत्व में गठित संयुक्त जांच दल द्वारा 11 जनवरी 2026 को सुबह 5 बजे ग्राम खुरानी एवं दतौद क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रेक्टर एवं एक मासदा वाहन को रोका गया। जांच के दौरान दोनों वाहनों में 150-150 बोरी धान, कुल 300 बोरी धान लोड पाया गया। वाहन चालकों द्वारा धान परिवहन से संबंधित कोई भी अनुज्ञा पत्र, मंडी रसीद, टोकन अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।


जांच दल द्वारा ट्रेक्टर एवं मासदा वाहन को अवैध धान परिवहन करते हुए जब्त कर लिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से जब्त वाहनों को चौकी जैजैपुर में सुरक्षित रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अवधि के दौरान अवैध परिवहन एवं भंडारण के मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि धान खरीदी व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।


इस कार्रवाई में तहसीलदार जैजैपुर, पटवारी, वरिष्ठ सचिव मंडी, मंडी उपनिरीक्षक, थाना प्रभारी जैजैपुर, पुलिस बल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button