सक्ती जिलासक्ती नगर

सब्जी बाड़ी में मौत का करंट: अवैध बिजली कनेक्शन से जीआई तार में दौड़ाया था करंट, आरोपी गिरफ्तार

मवेशी हटाने पहुंचे व्यक्ति की करंट की चपेट में आने से मौके पर मौत, डभरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा

सक्ती/डभरा। थाना डभरा क्षेत्र के ग्राम कटौद में सब्जी बाड़ी के चारों ओर लगाए गए जीआई तार के घेरे में अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित किए जाने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में डभरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विद्युत पोल से अवैध रूप से एलटी तार खींचकर सब्जी बाड़ी के तारों में करंट प्रवाहित किया था।

मवेशी हटाने पहुंचे और करंट की चपेट में आए

घटना 15 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार रोहित कुमार बरेठ मवेशी चराते हुए ग्राम कटौद में आरोपी चंद्रशेखर चंद्रा की सब्जी बाड़ी के पास पहुंच गए थे। मवेशियों को वहां से हटाने के दौरान वे बाड़ी के चारों ओर लगाए गए जीआई तार के घेरे के संपर्क में आए, जिसमें विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

जांच में सामने आया अवैध विद्युत कनेक्शन

घटना की सूचना मिलते ही थाना डभरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि विद्युत पोल से अवैध रूप से एलटी तार खींचकर सब्जी बाड़ी में लगाए गए जीआई तार के घेरे में विद्युत प्रवाह किया जा रहा था।

मर्ग जांच, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रोहित कुमार बरेठ की मृत्यु विद्युत करंट लगने से होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पूछताछ में करंट प्रवाहित करने की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी चंद्रशेखर चंद्रा पिता दिलीप सिंह चंद्रा, उम्र 60 वर्ष, निवासी कटौद, थाना डभरा, जिला सक्ती ने विद्युत तार में करंट प्रवाहित किए जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 नग सिल्वर रंग के तार, लगभग 100 मीटर तथा 02 नग लोहे के नंगे जीआई तार, लगभग 150 मीटर जब्त किए हैं।

16 सितंबर को गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस ने आरोपी चंद्रशेखर चंद्रा को 16 सितंबर 2026 को दोपहर 12:50 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर/डभरा सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश कुमार पटेल, सहायक उप निरीक्षक हरनारायण ताम्रकार, प्रधान आरक्षक रमेश चंद्रा, आरक्षक मिरीश साहू, शैलेंद्र देवांगन, राम गोपाल यादव एवं लक्ष्मीकांत उरांव का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button