भगवान भोलेनाथ की नगरी तुर्रीधाम में देव दिवाली उत्सव की भव्य तैयारी — बनारस के तर्ज पर होगी गंगा आरती, पुष्प व दीप श्रृंगार, महाआरती, आतिशबाजी और 56 भोग बनेगा आकर्षण का केंद्र

सक्ती। भगवान भोलेनाथ की पावन नगरी तुर्रीधाम में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी देव दिवाली उत्सव का भव्य आयोजन 5 नवम्बर 2025 को बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उमंग देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम के अंतर्गत पुष्प श्रृंगार, दीप श्रृंगार, महाआरती, बनारस की तर्ज पर गंगा आरती, आतिशबाजी तथा 56 भोग जैसे आकर्षक आयोजन मुख्य आकर्षण रहेंगे। पूरे परिसर को दीपों की रौशनी से सजाया जाएगा, जिससे पूरा धाम दिवाली की तरह आलोकित नजर आएगा।
इसी कड़ी में आयोजन समिति तुर्रीधाम द्वारा जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर को गंगा आरती में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु सादर आमंत्रण दिया गया है। समिति सदस्यों ने बताया कि यह उत्सव धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर हर हर महादेव के जयघोष से वातावरण को शिवमय करेंगे।
देव दिवाली उत्सव को लेकर तैयारी जोरों पर है — परिसर की साफ-सफाई, सजावट, दीप व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। आयोजन समिति ने जिलेवासियों से इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।




