किसानों की मेहनत और उपज का सम्मान सर्वोपरि, धान खरीदी में पारदर्शिता एवं सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान : रजनी साहू

डोंडकी धान खरीदी केंद्र में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की उपाध्यक्ष रजनी साहू ने किया धान खरीदी का शुभारंभ
सक्ती। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी का शुभारंभ उत्साह के साथ हो रहा है। इसी कड़ी में 15 नवंबर को धान खरीदी केंद्र डोंडकी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर की उपाध्यक्ष रजनी साहू ने कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की उपस्थिति में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर समिति के किसान रामकुमार सतनामी एवं संतोष कुमार ने अपना धान बेचकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की।

किसानों की सुविधा और पारदर्शिता पर जोर
इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की उपाध्यक्ष रजनी साहू ने कहा कि धान खरीदी किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। किसानों की सालभर की मेहनत और उनकी उपज का उचित सम्मान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू होनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने किसानों से भी शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप धान विक्रय करने तथा खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने समिति प्रबंधन को धान खरीदी केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर कलेक्टर नवीन भगत, एसएल पैकरा, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं कार्यालय से मनीष खोब्रागढ़े, अभिषेक मिश्रा, डीसी बघेल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी अमित साहू, शाखा प्रबंधक शैलेन्द्र तिवारी, पर्यवेक्षक विनोद साहू, कृषि विभाग के उप संचालक डीपी टांडे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र साहू, जिला नोडल अधिकारी धनेन्द्र चंद्राकर, समिति प्राधिकृत अधिकारी धनीराम पटेल, जनपद सदस्य प्रतिभा मेहरा , कुलदीप जायसवाल एवं रामेश्वरी गभेल सहित समिति के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




