सक्ती जिला
महिला पीड़िता से पैसे की मांग का मामला गंभीर: बिर्रा थाना के प्रधान आरक्षक लाइन हाजिर, प्राथमिक जांच शुरू

बिर्रा। महिला पीड़िता द्वारा की गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है। थाना बिर्रा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अनिल सिंह अजगल्ले पर पीड़िता से मारपीट प्रकरण में न्यायालय में चालान पेश करने के नाम पर पैसे मांगने तथा पैसे न देने पर चालान में स्क्रूटनी निकलवाकर पेश नहीं करने की धमकी देने का आरोप लगा था।
शिकायत की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान आरक्षक को तुरंत थाना बिर्रा से हटाकर रक्षित केंद्र में लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध प्राथमिक जांच की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट होता है कि महिला पीड़िताओं की शिकायतों को गंभीरता के साथ लिया जा रहा है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



