सक्ती – 14 दिसंबर को नारायण सागर रोड पर होगा विराट हिंदू सम्मेलन, जिला संयोजक ने बताया– “समाज की एकता और सांस्कृतिक जागरण का महाआयोजन”

सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती के वार्ड-11 नारायण सागर रोड उद्यान के पास 14 दिसंबर 2025 को विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति सक्ती के जिला संयोजक गोविंद देवांगन और सहसंयोजक संजय कश्यप ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समग्र हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधकर सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।
उन्होंने कहा—
“हिन्दुकः सोदराः सर्वे, न हिंदू पतितो भवेत्।
मम दीक्षा हिन्दू रक्षा, मम मंत्रः समानता।”
अर्थात सभी हिंदू एक हैं, किसी भी हिंदू को हीन नहीं माना जा सकता। हिंदू समाज की रक्षा और समानता ही हमारा संकल्प है।
जिला संयोजक गोविंद देवांगन ने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति के उत्थान तथा भारत माता को परम वैभव के शिखर पर ले जाने के संकल्प को सुदृढ़ करता है। संगठित हिंदू शक्ति का जागरण समाज में नई ऊर्जा, चेतना और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। इसी उद्देश्य से हिंदू सम्मेलन 2025 का आयोजन रखा गया है, जिसमें रामराज्य की स्थापना के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया जाएगा।
सम्मेलन का कार्यक्रम
📅 दिनांक: 14 दिसंबर 2025, रविवार
⏰ समय: दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक
📍 स्थान: नारायण सागर रोड, गार्डन के पास, सक्ती (छत्तीसगढ़)
घर-घर पहुंच रहा निमंत्रण
सम्मेलन को लेकर आयोजन समिति सक्रिय है। जिला संयोजक गोविंद देवांगन और सहसंयोजक संजय कश्यप के नेतृत्व में समिति के सदस्य घर-घर जाकर लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं तथा अधिकाधिक संख्या में परिवार सहित पहुंचने की अपील कर रहे हैं।
ऐतिहासिक होने जा रहा सम्मेलन
जिला संयोजक ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रमुख वक्ता शामिल होंगे और समाज को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। सम्मेलन में संत-महात्माओं, समाज प्रमुखों एवं प्रबुद्ध जनों का सानिध्य प्राप्त होगा।
सम्मेलन के पश्चात सभी के लिए भंडारा/प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। समिति ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित सहभागी बनकर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को सशक्त करें।




