सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती को आदर्श शहर बनाने की तैयारी, बुधवारी बाजार से हटेगी शराब दुकान

नगर पालिका परिषद की बैठक में 15 एजेंडों पर हुई विस्तृत चर्चा, शहर के विकास को लेकर तैयार होगी कार्ययोजना

सक्ती। शहर के सुनियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सक्ती को एक आदर्श शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को आयोजित नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में नगर विकास से जुड़े 15 प्रमुख एजेंडों पर चर्चा हुई। बैठक में सबसे अहम निर्णय सक्ती शहर को आदर्श शहर के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का रहा। वहीं शहर के व्यस्त बुधवारी बाजार क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी सभी सदस्यों ने सहमति जताई।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की वर्तमान आवश्यकताओं, भविष्य की विकास योजनाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रहलाद पाण्डेय ने भी नगर विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न कार्यों और प्रस्तावों के संबंध में जानकारी रखी।

बुधवारी बाजार को मिलेगी राहत, शराब दुकान होगी स्थानांतरित

बैठक में सबसे अधिक चर्चा का विषय बुधवारी बाजार स्थित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने का रहा। बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में यहां संचालित शराब दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग लंबे समय से महसूस की जा रही थी। बैठक में इस विषय पर सहमति बनने से बाजार क्षेत्र की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। अब इस निर्णय के क्रियान्वयन की दिशा में आगे की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।

15 एजेंडों में शहर की बुनियादी सुविधाओं से लेकर जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल

बैठक में प्रस्तुत 15 एजेंडों के अंतर्गत जाति प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था एवं निराश्रित पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर चर्चा की गई। इसके अलावा नगर पालिका के कार्यालय एवं भवन निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, निर्माण कार्यों, सार्वजनिक सुविधाओं तथा नगर के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया।

बैठक में यह भी महत्वपूर्ण रहा कि नगर विकास की योजनाएं केवल वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित न रहें, बल्कि आने वाले वर्षों में शहर की बढ़ती आबादी और नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं।

आदर्श शहर के लिए बनेगी विकास की रूपरेखा

सक्ती को आदर्श शहर के रूप में विकसित करने की परिकल्पना को लेकर बैठक में विशेष जोर दिया गया। इसके लिए आवश्यक विकास कार्यों को चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजने की दिशा में पहल की जाएगी। शहर की स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाएं, सुव्यवस्थित बाजार, आधारभूत संरचनाओं का विकास और सार्वजनिक स्थलों का बेहतर उपयोग जैसी आवश्यकताओं को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल किए जाने की अपेक्षा है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने नगर के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए शहर को बेहतर स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं सीएमओ प्रहलाद पाण्डेय ने प्रशासनिक एवं तकनीकी स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की रूपरेखा रखी।

निर्णयों के क्रियान्वयन पर टिकी शहरवासियों की उम्मीदें

नगर पालिका परिषद की इस बैठक में लिए गए निर्णय सक्ती के भविष्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाते हैं। विशेष रूप से बुधवारी बाजार से शराब दुकान का स्थानांतरण और सक्ती को आदर्श शहर के रूप में विकसित करने की पहल शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। अब इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की कार्यवाही और समयबद्ध क्रियान्वयन पर शहरवासियों की निगाहें रहेंगी।इस अवसर पर पार्षद, एल्डरमैन और नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रदीपा

Related Articles

Back to top button