दीपावली पर सड़कों पर उतरे पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, पैदल मार्च कर अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी

एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी लखन पटेल सहित पुलिस बल ने शहर में किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सक्ती। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर स्वयं पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस पैदल मार्च में एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी लखन पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
अपराधियों को स्पष्ट संदेश, कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने, हुड़दंग मचाने, अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता
पैदल मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही नागरिकों से दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहेगा।




