भाजयुमो जिलाध्यक्ष आलोक पटेल के नगर आगमन पर भव्य स्वागत

सक्ती | भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आलोक पटेल के नगर आगमन पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर युवा जोश और संगठनात्मक शक्ति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। नगर प्रवेश पर संजय कश्यप के नेतृत्व में भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अग्रसेन चौक पहुँची, जहाँ जिलाध्यक्ष आलोक पटेल का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। बाइक रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। भाजपा और भाजयुमो के झंडों के साथ नारेबाजी करते हुए युवाओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। अग्रसेन चौक पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में वक्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आलोक पटेल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजयुमो युवाओं के हितों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में और मजबूती से भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं भाजपा समर्थक उपस्थित रहे। नगर आगमन पर हुआ यह स्वागत कार्यक्रम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।




