सक्ती जिलासक्ती नगर

फिल्मी अंदाज में हाईवे पर नाकाबंदी, चोरी का ट्रेलर सक्ती में धराया, यातायात पुलिस की मुस्तैदी से भागता वाहन घेरकर पकड़ा, राजस्थान का चालक हिरासत में

सक्ती। रायगढ़ से चोरी हुआ लोहे के एंगल से भरा ट्रेलर सक्ती में पुलिस की सतर्कता और जबरदस्त नाकाबंदी के चलते पकड़ लिया गया। हाईवे पर कई जगहों पर रोकने की कोशिश के बावजूद चालक ट्रेलर लेकर भागता रहा, लेकिन अंततः पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। जानकारी के अनुसार थाना कोतरारोड रायगढ़ क्षेत्र से ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GP 3147 चोरी हो गया था, जिसमें लोहे के एंगल लदे हुए थे। रायगढ़ पुलिस कंट्रोल द्वारा इसकी सूचना सक्ती पुलिस कंट्रोल को दी गई और वाहन को रोकने के लिए अलर्ट जारी किया गया। सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस कंट्रोल ने वायरलेस के माध्यम से सभी थाना और पुलिस टीमों को सतर्क कर दिया। कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक राजेश घिरदे ने यातायात पुलिस को भी तुरंत मोबाइल के माध्यम से जानकारी दी। इसके बाद यातायात प्रभारी निरीक्षक वाय.एन. शर्मा ने हाईवे पेट्रोलिंग टीमों और चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को तत्काल नाकाबंदी के निर्देश दिए।

सबसे पहले मसनिया के पास चेकिंग में लगे आरक्षक दिलेवर साहू, हिरेंद्र सिंह, विजय जोंडे और सुभाष सिदार ने संदिग्ध ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन को कट मारते हुए निकल गया। इसके बाद कंचनपुर में मौजूद आरक्षक जयप्रकाश गवेल के साथ आरक्षक रमेश घिरहे और राकेश हरवंश ने भी ट्रेलर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ गया।

लगातार दो प्रयास विफल होने के बाद पुलिस ने रणनीति बदलते हुए जेठा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास हाईवे पर कड़ी नाकाबंदी की। यहां हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात आरक्षक सरजुन सिंह और रूपेश कंवर को सड़क जाम कर ट्रेलर रोकने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने अन्य वाहनों को दोनों ओर खड़ा कर रास्ता बंद कर दिया, जबकि पीछे से यातायात पुलिस की दूसरी पेट्रोलिंग टीम लगातार ट्रेलर का पीछा कर रही थी। आखिरकार पुलिस की मजबूत घेराबंदी के कारण भाग रहे ट्रेलर RJ 48 GP 3147 को रोक लिया गया और चालक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम कुलदीप राज, पिता हिम्मत सिंह, निवासी प्रतापपुर थाना सावड़ा जिला अजमेर (राजस्थान) बताया।

पूरे मामले की जानकारी यातायात प्रभारी निरीक्षक वाय.एन. शर्मा ने पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर को दी। उनके निर्देश पर चालक को सुरक्षित थाना बाराद्वार में रखा गया और रायगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। बाद में थाना कोतरारोड रायगढ़ की पुलिस टीम थाना बाराद्वार पहुंची और आरोपी चालक को अपने सुपुर्द लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई से न केवल चोरी का ट्रेलर बरामद हुआ, बल्कि हाईवे पर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का भी स्पष्ट संदेश गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button