मां अष्टभुजी पदयात्रा 23 मार्च को, तैयारियां जोरों पर, मां महामाया मंदिर सक्ती से अड़भार तक निकलेगी भव्य यात्रा, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद

सक्ती— चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली मां अष्टभुजी पदयात्रा इस वर्ष 23 मार्च 2026, सोमवार को भक्ति और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। यह पदयात्रा शाम 5 बजे मां महामाया मंदिर सक्ती से प्रारंभ होकर अड़भार स्थित मां अष्टभुजी मंदिर तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक माहौल बन गया है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार यह पदयात्रा वर्षों से आस्था और परंपरा के रूप में आयोजित होती आ रही है, जिसमें सक्ती सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। भक्तजन पैदल यात्रा करते हुए मां के दरबार में पहुंचते हैं और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हैं।
व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी :-
आयोजन समिति द्वारा पदयात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही यात्रा मार्ग में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आयोजन समिति ने की अपील :-
संयोजक श्याम सुंदर अग्रवाल (बैंगल्स) ने बताया कि “मां अष्टभुजी पदयात्रा हमारी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा में शामिल होने वाले सभी भक्तों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। हम क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं।”
धार्मिक माहौल, बढ़ रही आस्था :-
पदयात्रा को लेकर सक्ती एवं आसपास के क्षेत्रों में भक्ति का माहौल बन गया है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और साफ-सफाई का कार्य जारी है। श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने की तैयारी में जुटे हुए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है।




