सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती के वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट की गूंज दिल्ली तक, राष्ट्रपति व पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक, मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 14 — कई की हालत गंभीर, राहत-बचाव जारी

सक्ती। जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट की गूंज अब राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।
घटना को लेकर देश के शीर्ष नेतृत्व ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्लांट के बॉयलर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे वहां कार्यरत मजदूर इसकी चपेट में आ गए। धमाका इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर बॉयलर की तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों के समुचित उपचार की मांग भी उठाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button