मई को सक्ती में गूंजेंगे बाबा श्याम के भजन, श्री राधा कृष्ण मंदिर में होगा भव्य श्याम ग्यारस संकीर्तन, सुबह निकलेगी निशान यात्रा

सक्ती। सक्ती शहर के श्री श्याम परिवार एवं श्री राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति द्वारा आगामी 27 मई 2026 दिन बुधवार को श्री श्याम ग्यारस के अवसर पर भव्य संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन रात्रि 7:30 बजे से स्थानीय श्री राधा कृष्ण मंदिर में प्रारंभ होगा, जहां श्रद्धालु भक्त बाबा श्याम के भजनों में सराबोर होकर भक्ति रस का आनंद लेंगे।
आयोजक परिवार के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में अंबिकापुर की प्रसिद्ध भजन गायिका हिना सिंह एवं संतोष महंत बाबा श्याम के मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर बाबा श्याम का दरबार प्राकृतिक फूलों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा तथा विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं रात्रि 11:30 बजे प्रभु की महाआरती संपन्न होगी।
आयोजकों ने शहर सहित जिलेभर के सभी श्रद्धालु भक्तों एवं श्याम प्रेमियों से सह परिवार कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
सुबह निकलेगी भव्य निशान यात्रा
श्याम ग्यारस के पावन अवसर पर 27 मई की सुबह 8:00 बजे श्री राम मंदिर सक्ती से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भक्तजन बाबा श्याम के जयकारों और भजनों के साथ भक्तिमय वातावरण निर्मित करेंगे। आयोजकों ने सभी श्याम प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर निशान यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है।
हर बड़ी ग्यारस पर होता है भव्य आयोजन
सक्ती के श्री राधा कृष्ण मंदिर में श्री श्याम परिवार एवं श्री राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति द्वारा प्रत्येक माह की बड़ी ग्यारस पर भव्य श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाता है। यह धार्मिक आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है, जिसमें शहर सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भक्तजन बाबा श्याम की भक्ति में लीन होकर घंटों तक भजनों पर झूमते नजर आते हैं। साथ ही आयोजक समिति द्वारा सभी आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की भी विशेष व्यवस्था की जाती है।




