करही गोलीकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, “ऑपरेशन हंट” में पुलिस को बड़ी सफलता

जांजगीर-चांपा। बहुचर्चित करही गोलीकांड मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन हंट” के तहत पुलिस ने हत्या के मुख्य साजिशकर्ता गनपत बघेल (38) निवासी करही थाना बिर्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात ग्राम करही में तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसके छोटे भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा TECHINT और HUMINT की मदद से अहम सुराग मिले।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि उधारी विवाद, अवैध रेत कारोबार में प्रतिस्पर्धा, आर्थिक नुकसान और मृतक आयुष कश्यप की बढ़ती आर्थिक स्थिति से आरोपियों में जलन और द्वेष की भावना पैदा हो गई थी। इसी कारण सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई।
मुख्य आरोपी गनपत बघेल ने बताया कि आयुष कश्यप कम कीमत पर रेत बेचकर उसके ग्राहकों को अपनी ओर कर रहा था, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश में अपने साथियों अमित टंडन, भूषण बघेल और हेमंत बघेल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया।



