आम के ट्रे के नीचे छिपा था 1.13 करोड़ का गांजा, जशपुर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल तस्करी का किया पर्दाफाश

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए पिकअप वाहन में ऊपर आम से भरे कैरेट रखे थे, जबकि नीचे 207 पैकेट गांजा छिपाकर रखा गया था।
“ऑपरेशन आघात” के तहत कार्रवाई करते हुए दोकड़ा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर नाकेबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में आम के नीचे छिपाकर रखा गया 2 क्विंटल 7 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1.13 करोड़ रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह (36) निवासी जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर अंबिकापुर के रास्ते उत्तर प्रदेश भेजने की फिराक में था। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।




