Uncategorized

ईमानदारी की मिसाल बने वरिष्ठ पत्रकार आनंद साहू, लाखों के जेवर और नगदी से भरा बैग पुलिस को सौंपा

बेमेतरा। जिले में ईमानदारी और मानवीय संवेदनाओं की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। स्थानीय निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार आनंद साहू ने लावारिस हालत में मिले लाखों रुपये के जेवर और नगदी से भरे बैग को पूरी ईमानदारी के साथ पुलिस के हवाले कर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। उनकी इस सराहनीय पहल की पूरे जिले में जमकर प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, आनंद साहू प्रतिदिन की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान शहर के सिग्नल चौक स्थित एक दुकान के पास उन्हें काले रंग का एक बैग संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। आसपास काफी देर तक पूछताछ करने के बाद भी जब बैग के मालिक का पता नहीं चला, तब उन्होंने बैग की जांच की। बैग के भीतर सोने के आभूषण और लगभग 40 हजार रुपये नकद देखकर उन्होंने तत्काल ईमानदारी का परिचय देते हुए बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पूरा सामान पुलिस के सुपुर्द कर दिया।


पुलिस ने तत्परता से मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि यह बैग ग्राम अमोरा निवासी ज्वेलरी निर्माता विजय कुमार सोनी का था। बताया गया कि विजय कुमार सोनी रात में दुकान बंद कर अपने भाई के पास गए थे, इसी दौरान रास्ते में उनका बैग कहीं गिर गया था। बैग में करीब 20 तोला सोना और 40 हजार रुपये नगद रखे हुए थे।
बैग और उसमें रखा कीमती सामान सुरक्षित मिलने के बाद ज्वेलरी व्यवसायी एवं उनके परिवार ने राहत की सांस ली और आनंद साहू के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं शहरवासियों ने भी उनकी ईमानदारी की खुले दिल से सराहना की। लोगों का कहना है कि आज के दौर में इस तरह की ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मानवता और नैतिकता आज भी जीवित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button