श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में 40वां स्थापना दिवस 14 जुलाई को, अनुराग शर्मा होंगे मुख्य अतिथि

सक्ती। श्री सिद्ध हनुमान मंदिर, सक्ती में कल 14 जुलाई, मंगलवार को मंदिर का 40वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 165वीं भव्य महाआरती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर परिवार के अनुसार इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं अभिनेता अनुराग शर्मा की भक्तिमय प्रस्तुति होगी। वे अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। मंदिर परिसर में महाआरती के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए मंदिर परिवार के सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महाआरती में शामिल हों, भगवान श्री हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा आयोजन को सफल बनाने में सहभागी बनें।




