सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती पुलिस की अपील: चॉइस सेंटर संचालकों को ठग बना रहे निशाना, फोन-पे से पैसे लेकर हो रहे फरार

अर्जेंट पैसों की जरूरत बताकर खाते में डलवा रहे रकम, बाद में फ्रॉड अमाउंट मिलने पर बैंक खाते हो रहे होल्ड

सक्ती। जिले में साइबर ठगी के नए तरीके को लेकर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। कुछ लोग गांवों में संचालित चॉइस सेंटरों को निशाना बनाकर फोन-पे के माध्यम से ठगी कर रहे हैं। ऐसे लोग अर्जेंट पैसों की जरूरत बताकर चॉइस सेंटर संचालकों से अपने फोन-पे खाते में रकम डलवाते हैं और बदले में नगद पैसा ले लेते हैं।

फ्रॉड की रकम आने पर खाते हो रहे होल्ड

पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बाद में फोन-पे के माध्यम से प्राप्त रकम के फ्रॉड से जुड़ी होने की जानकारी सामने आने पर संबंधित बैंक खाता होल्ड हो सकता है। ऐसे में बिना किसी जानकारी के दूसरे व्यक्ति की रकम अपने खाते में प्राप्त करने वाले चॉइस सेंटर संचालकों को आर्थिक परेशानी के साथ-साथ बैंकिंग संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

अनजान व्यक्ति के कहने पर न करें लेनदेन

पुलिस ने चॉइस सेंटर संचालकों सहित आम नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने फोन-पे या बैंक खाते में रकम प्राप्त कर उसके बदले नगद भुगतान करने से पहले पूरी सावधानी बरतें। संदिग्ध लेनदेन से बचें और किसी भी व्यक्ति के खाते में आई रकम की वैधता को लेकर संदेह होने पर सतर्क रहें।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें

सक्ती पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा इस तरह अर्जेंट पैसों की जरूरत बताकर फोन-पे के माध्यम से रकम डलवाने और बदले में नगद पैसा लेने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा साइबर सेल सक्ती को दें।

पुलिस की अपील है कि सतर्कता बरतें, संदिग्ध डिजिटल लेनदेन से बचें और साइबर ठगी के मामलों की सूचना समय पर देकर दूसरों को भी जागरूक करें।

Related Articles

Back to top button