सक्तीसक्ती जिलासक्ती नगर

रायपुर में 13 नवंबर से सजेगा दक्षिण कोसल मुद्रा उत्सव 2026, सक्ती के हरिओम अग्रवाल भी होंगे शामिल

तीन दिवसीय आयोजन में दुर्लभ सिक्कों, नोटों, डाक टिकटों और प्राचीन वस्तुओं की लगेगी प्रदर्शनी, छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होंगे लोग

सक्ती। छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, प्राचीन मुद्राओं और सांस्कृतिक धरोहरों को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 13 से 15 नवंबर 2026 तक ‘दक्षिण कोसल मुद्रा उत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में सक्ती के हरिओम अग्रवाल भी शामिल होंगे। हरिओम अग्रवाल न्यूमिस्मैटिक एंड फिलेटली सोसाइटी ऑफ छत्तीसगढ़ के संस्थापक सदस्य हैं और मुद्रा एवं डाक टिकट संग्रह के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

दुर्लभ सिक्कों और ऐतिहासिक धरोहरों की लगेगी प्रदर्शनी

हरिओम अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस उत्सव में सिक्के, नोट, टोकन, पदक, डाक टिकट, प्राचीन वस्तुएं, संग्रहणीय सामग्री और विंटेज वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के प्राचीन सिक्कों को विशेष स्थान दिया गया है, जिनके माध्यम से प्रदेश के गौरवशाली अतीत और ऐतिहासिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल

उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्राचीन मुद्राओं एवं ऐतिहासिक वस्तुओं के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नई पीढ़ी को अपने इतिहास से परिचित कराना है। पुराने सिक्के केवल मुद्रा नहीं, बल्कि अपने समय की शासन व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, कला और संस्कृति के महत्वपूर्ण दस्तावेज होते हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को इतिहास को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

यहां और इस समय देख सकेंगे प्रदर्शनी

दक्षिण कोसल मुद्रा उत्सव 2026 का आयोजन 13, 14 और 15 नवंबर को प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक श्री रामनाथ भीमसेन सभा भवन, समता कॉलोनी, रायपुर में होगा। न्यूमिस्मैटिक एंड फिलेटली सोसाइटी ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित इस उत्सव में इतिहास प्रेमियों, मुद्रा संग्रहकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

सक्ती के हरिओम अग्रवाल की इस आयोजन में सहभागिता जिले के लिए भी गौरव का विषय है। यह आयोजन प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Related Articles

Back to top button